छतरपुर न्यूज़ | बुंदेलखंड में अवैध अफीम की खेती तेजी से फैल रही है। टीकमगढ़ के बाद अब छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये की अफीम जब्त की है।
पुलिस ने खेत में छापा मारकर जब्त की अफीम
बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रीय को सूचना मिली थी कि बाहरपुरा गांव के बड़खेड़ा हार में किसान फूलचंद्र कुशवाहा अवैध अफीम की खेती कर रहा है। इस पर पुलिस ने छापा मारा और बड़ी मात्रा में अफीम जब्त कर ली।
पुलिस ने 42 वर्षीय किसान फूलचंद्र को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
किसान ने बताया मुनाफे के लिए की थी खेती
पुलिस जांच में सामने आया कि फूलचंद्र ने अधिक मुनाफे के लालच में अफीम की खेती शुरू की थी। उसे उम्मीद थी कि एक एकड़ में अफीम की फसल से 12-13 लाख रुपये तक की कमाई हो सकती है।
अफीम से तैयार किए जाते हैं नशे के उत्पाद
अफीम की खेती से तीन तरह के नशे के उत्पाद तैयार किए जाते हैं—
- फल से निकलने वाली कच्ची अफीम
- अफीम से बनने वाला पुस्ता
- सूखे फल से बनाई जाने वाली फक्की
बुंदेलखंड में बढ़ रही है अफीम की खेती
हाल के दिनों में बुंदेलखंड में अफीम की खेती तेजी से बढ़ी है। इससे पहले टीकमगढ़ जिले के मुहारा गांव में पुलिस ने 2 करोड़ रुपये की अफीम की खेती पकड़ी थी, जबकि बैरबार गांव में 3.50 लाख रुपये की अवैध अफीम जब्त की गई थी।
अब छतरपुर में भी बड़ी मात्रा में अफीम बरामद होने से पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती को पूरी तरह खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
(अनिल श्रीवास की रिपोर्ट) Bundelivarta.com