झांसी न्यूज़ | झांसी नगर निगम में कार्यकारिणी चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नगर निगम की कार्यकारिणी के 6 सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने पर अब उनके स्थान पर नए पार्षद चुने जाएंगे। यह चुनाव 2 जून को कराया जाएगा। सबसे अहम बात यह है कि बाहर होने वाले 6 पार्षदों में से 4 भाजपा से हैं, जिससे पार्टी के भीतर खींचतान का माहौल बन गया है।
भाजपा में मंथन, विपक्ष भी सक्रिय
भारतीय जनता पार्टी अपने चार पुराने पार्षदों को बाहर कर नए चेहरों को मौका देने जा रही है। लखन कुशवाहा, सुनील नैनवानी, अंकित सहारिया, भरत सेन, बालस्वरूप साहू, नीता विकास यादव, अर्चना पंकज राय और रितिका तिवारी में से छह नाम तय किए जाएंगे। पार्टी के लिए महिला आरक्षण को ध्यान में रखते हुए तीन महिला पार्षदों में से किसी एक को फाइनल करने की चर्चा है।
उधर, विपक्षी खेमे ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। आम आदमी पार्टी व निर्दलीय पार्षदों को हटाए जाने के बाद विपक्ष की नजर भाजपा के असंतुष्ट पार्षदों पर है। फिलहाल वॉर्ड 59 से संजीव गुप्ता का नाम तय किया गया है, जबकि एक और नाम पर बातचीत चल रही है।
कौन होंगे बाहर?
2 जून को कार्यकारिणी से बाहर होने वालों में भाजपा की उपसभापति प्रियंका साहू, अमित राय, प्रदीप खटीक व कामेश अहिरवार, आम आदमी पार्टी से आशीष रायकवार और निर्दलीय विकास खत्री शामिल हैं। इनकी जगह अब नए 6 सदस्यों का चयन होगा।
चुनाव की तैयारी तेज
मेयर बिहारी लाल आर्य ने नेता सदन बंटी राजा व पार्षद आशीष तिवारी के साथ बैठक कर चुनाव की रूपरेखा तय की। 2 जून को चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है, जिसमें नए सदस्यों का चयन और उसके बाद उपसभापति का चुनाव कराया जाएगा। इसके लिए भाजपा और विपक्ष दोनों रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
पिछले साल हुआ था कार्यकारिणी का गठन
गौरतलब है कि नगर निगम कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव पिछले साल 22 जून को हुआ था। कार्यकारिणी सदस्य और उपसभापति का कार्यकाल दो वर्ष का होता है। इसी अवधि के पूरा होने पर अब 6 सीटें खाली हो रही हैं, जिन पर नए नाम तय किए जाएंगे।
2 जून को होने वाले नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव ने झांसी की सियासत में हलचल पैदा कर दी है। भाजपा को जहां अंदरूनी असंतोष झेलना पड़ रहा है, वहीं विपक्ष मौका भुनाने की फिराक में है।
👉 ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com