ललितपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गांव में बहू का शव कुएं में मिला, जबकि ससुर का शव खेत में पेड़ से लटका हुआ बरामद हुआ।
3 दिन से लापता थी महिला
पूरा मामला जखोरा थाना क्षेत्र के मनगुवा का हैं | मृतका की पहचान 28 वर्षीय यशोदा के रूप में हुई है, जो बीते 3 अप्रैल से लापता थी। परिजनों के अनुसार, यशोदा मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
कुएं में मिला महिला का शव
गांव के पास खेत में बकरियां चरा रहे बच्चों ने कुएं में महिला का शव तैरता देखा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला और पहचान कराई, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
ससुर का शव पेड़ से लटका मिला
इसी बीच, मृतका के ससुर 45 वर्षीय रामचरण का शव भी खेत में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चार बच्चों की मां थी मृतका
परिजनों के मुताबिक, यशोदा की शादी करीब 14 साल पहले शेर सिंह से हुई थी और उसके चार बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में दोनों के मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।
( रिपोर्टर नितिन गिरि ) Bundelivarta.com




