मोठ नगर स्थित टीकाराम यादव महाविद्यालय में उस समय गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब महाविद्यालय की पूर्व छात्रा और ग्राम गोपुरा निवासी प्रिंसी यादव के यूपीपीसीएस परीक्षा में चयनित होकर असिस्टेंट कमिश्नर बनने पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने प्रिंसी यादव का फूल-मालाओं और स्मृति चिन्ह देकर जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजेंद्र खरीद ने प्रिंसी यादव को महाविद्यालय का गौरव बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह द्वारा स्थापित इस महाविद्यालय में शुरू से ही बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनका परिणाम आज लगातार सामने आ रहा है। इससे पहले सविता राजपूत डिप्टी कलेक्टर बन चुकी हैं, और अब प्रिंसी यादव का असिस्टेंट कमिश्नर बनना इस परंपरा को आगे बढ़ाता है।
प्राचार्य ने यह भी बताया कि इसी वर्ष महाविद्यालय के सतीश अहिरवार, नीतेंद्र कुशवाहा, वर्षा पाल सहित 50 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न पदों पर चयनित हुए हैं, जबकि ज्योतिषा त्रिवेदी और पारुल गुप्ता ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर शैक्षणिक क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
प्रिंसी यादव ने साझा किया सफलता का मंत्र
सम्मान समारोह में प्रिंसी यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महाविद्यालय की बेहतर व्यवस्थाएं, अनुभवी शिक्षक, समृद्ध लाइब्रेरी और सकारात्मक माहौल सफलता की राह आसान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि छात्र दृढ़ संकल्प और मेहनत के साथ तैयारी करें, तो यहां उपलब्ध संसाधनों के बल पर बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों और प्रबंध समिति को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह यादव, वीरेंद्र यादव, अमित अग्रवाल सहित नगर के कई प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे।
साथ ही महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. इंदर सिंह शास्त्री, डॉ. बृजेंद्र चौहान, डॉ. पूनम यादव, डॉ. रचना सिंह, तन्वी सिद्दीकी, प्रशांत खरे, पुष्पेंद्र निरंजन, डॉ. अजय निरंजन, डॉ. नरेंद्र कुशवाहा सहित समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का सफल संचालन हेमंत कुशवाह द्वारा किया गया।



