ललितपुर में हनुमान जयंती जुलूस के दौरान चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

पलक श्रीवास
0

 

ललितपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र में 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के जुलूस के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक महिला समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है। 




पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को वादी की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मोबाइल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।


गिरफ्तार आरोपियों में ग्यारस आदिवासी, अंगत सहरिया, अजय आदिवासी, शिव आदिवासी, रोहित सहरिया और उसकी पत्नी गिरजा शामिल हैं। ये सभी आरोपी झांसी और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं।


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं और मेलों, जुलूसों व धार्मिक आयोजनों में भीड़ का फायदा उठाकर लोगों के मोबाइल, पर्स और आभूषण चोरी करते हैं। चोरी के बाद सामान को आपस में बांटकर बेच देते हैं और उससे होने वाली कमाई का बंटवारा कर लेते हैं।



पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, लाल मोतियों की माला जिसमें पीली धातु के मोती व लाकेट लगा है, तथा दो सफेद धातु के लाकेट बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।


पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।



( रिपोर्टर नितिन गिरि ) Bundelivarta.com

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top