अवैध संबंधों के शक में पत्नी का मर्डर लाश के पास बैठकर पी शराब फिर पेट्रोल डालकर लगाई आग

पलक श्रीवास
0

 

बुन्देलखण्ड के ललितपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को जंगल में ले जाकर जला दिया और सबूत मिटाने के लिए जलते शव के पास बैठकर शराब पीता रहा। इतना ही नहीं, वारदात को छिपाने के लिए उसने पत्नी के अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर परिजनों और गांव वालों को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच में कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा हो गया।





जंगल में अधजला शव मिलने से फैली सनसनी


यह सनसनीखेज मामला मड़ावरा थाना क्षेत्र के सौलदा गांव के जंगल का है। 2 अप्रैल की सुबह जब कुछ ग्रामीण महुआ बीनने जंगल पहुंचे, तो उनकी नजर एक महिला के अधजले शव पर पड़ी। यह दृश्य देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।


पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने महिला की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच शुरू की।


पति ने सुनसान जंगल में उतारा मौत के घाट


जांच में सामने आया कि मृतका आरती, रामगोपाल शहरिया की पत्नी थी। आरोपी अपनी पत्नी को उसकी ससुराल वानपुर से बाइक पर बैठाकर गांव ला रहा था। रास्ते में सुनसान जंगल में उसने बाइक रोकी और पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। जब वह बेहोश हो गई, तो आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटकर सूखी नाली में डाल दिया और लकड़ियां इकट्ठा कर उसे आग के हवाले कर दिया।


हत्या के बाद शराब पीकर रची साजिश


वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मौके पर ही बैठकर शराब पी और फिर गांव लौटकर पत्नी के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ दी, ताकि किसी को उस पर शक न हो।


फोन कॉल से खुला झूठ का राज


मृतका के बहनोई के अनुसार, आरोपी ने फोन पर कहा था कि आरती अपने प्रेमी के साथ भाग गई है और उसने उसकी पिटाई भी की थी। इसी बयान के बाद परिजनों को शक हुआ। जब पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की, तो जंगल में मिले शव के आधार पर पूरी सच्चाई सामने आ गई।


चार मासूम बच्चों की मां थी मृतका


आरती चार बच्चों की मां थी। उसके तीन बच्चे 4 से 7 साल की उम्र के हैं, जबकि एक बेटा लगभग 10 साल का है। मृतका की मां ने बताया कि वे अपनी बेटी को ससुराल भेजना नहीं चाहते थे, लेकिन आरोपी ने भरोसा दिलाकर उसे अपने साथ ले गया और इस खौफनाक घटना को अंजाम दे दिया।


अवैध संबंधों के शक में की हत्या


पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसे पत्नी के अवैध संबंधों का शक था। इसी शक और गुस्से में उसने यह जघन्य अपराध कर डाला।


आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल



अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


( रिपोर्टर नितिन गिरि ) Bundelivarta.com


Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top