साख पर सवाल: मुठभेड़ में पकड़ा नदीम कस्टडी से फरार, 10 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
झांसी में पुलिस कस्टडी से फिल्मी अंदाज़ में फरार हुआ चोरी का शातिर आरोपी नदीम खान अब भी कानून के शिकंजे से बाहर है। घटना को पूरे 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस की तमाम कवायद के बावजूद आरोपी का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है। इस पूरे मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया 19 वर्षीय नदीम जिला अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। ‘मां की बीमारी’ का हवाला देकर उसने ऑटो किया और फिर जाम का फायदा उठाकर चुपचाप भीड़ में गुम हो गया। उस वक्त की चूक अब पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुकी है।
तलाश में जुटी टीमें, लेकिन सुराग नदारद
पुलिस की 4 टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। दतिया, ग्वालियर और आसपास के इलाकों में भी छानबीन की जा रही है, लेकिन पुलिस नदीम की ‘लोकेशन’ से अब भी दूर है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने से लेकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने तक हर हथकंडा अपनाया जा रहा है, मगर नतीजा कुछ भी नहीं मिल पाया।
पुलिस की साख पर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की सतर्कता और अभिरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। जिस आरोपी को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया, वही पुलिस की निगरानी से "यूं फरार हो गया" यह सवाल आमजन के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। ऊपर से 16 घंटे की कस्टडी के बाद भी आरोपी के पास नकदी होना, जांच के घेरे में है।
निलंबन के बाद भी नहीं थमी किरकिरी
घटना के बाद लापरवाही बरतने वाले दो सिपाहियों को निलंबित जरूर कर दिया गया, लेकिन इससे पुलिस की छवि पर लगे दाग धुलते नजर नहीं आ रहे। अफसरों के निर्देशों के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी न होना विभागीय कार्यशैली पर तंज कस रहा है।
शातिर का पुराना रिकॉर्ड भी चिंता का विषय
नदीम खान कोई नया नाम नहीं है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है और अपराध की दुनिया में उसकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। यही वजह है कि उसके फरार होने के बाद पुलिस की बेचैनी और बढ़ गई है।
जनता में असुरक्षा का माहौल
लगातार बीतते दिनों के साथ लोगों में भय और असुरक्षा की भावना गहराने लगी है। सवाल यह उठ रहा है कि जब पुलिस कस्टडी से आरोपी भाग सकता है, तो आम जनता कितनी सुरक्षित है?
शहर कोतवाल का दावा “आरोपी के बेहद करीब पहुंच चुकी है पुलिस”
इस पूरे मामले पर शहर कोतवाल विद्यासागर बताते हैं कि पुलिस की 4 टीमें लगातार फरार आरोपी नदीम खान की तलाश में जुटी हुई हैं। उन्होंने बताया कि अब तक सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है और कई अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। कोतवाल के मुताबिक, पुलिस की टीमें अलग-अलग लोकेशनों पर दबिश दे रही हैं और आरोपी की मूवमेंट को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस अब नदीम के बेहद नजदीक पहुंच चुकी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि आरोपी को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


