टीकमगढ़ में एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर पुलिस की लाठियां
टीकमगढ़। शुक्रवार दोपहर जिला मुख्यालय पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जोरदार विवाद हो गया। मामला शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को दिए गए भोजन से जुड़ा है। भोजन में कीड़े निकलने की शिकायत लेकर एबीवीपी कार्यकर्ता कलेक्टर को ज्ञापन देने पुलिस लाइन स्थित आरआई दफ्तर पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और विवाद बढ़ने पर लाठियां चला दीं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, एबीवीपी कार्यकर्ता प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को परोसे गए भोजन की शिकायत लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे। जैसे ही कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे, वहां मौजूद पुलिस आरआई (रिजर्व इंस्पेक्टर) कनक सिंह चौहान ने उन्हें मना किया। कार्यकर्ताओं के न मानने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो आरआई के निर्देश पर पुलिस ने लाठी-डंडे से कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया।
सांसद प्रतिनिधि को भी धक्का, कार्यकर्ता आक्रोशित
झड़प के दौरान मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत और सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा भी मौजूद थे। बताया गया कि हंगामे में सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा को भी धक्के लगे। इस घटना से आक्रोशित एबीवीपी कार्यकर्ता सीधे एसपी दफ्तर पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए।
धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि आरआई कनक सिंह चौहान सहित लाठीचार्ज में शामिल सभी पुलिस कर्मियों को तत्काल निलंबित किया जाए। उनका कहना है कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। इधर, स्थिति को शांत करने के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि और पुलिस अधिकारियों के बीच बंद कमरे में वार्ता चल रही है।
( रिपोर्टर पलक श्रीवास ) Bundelivarta.com