झांसी में भाजपा नेता के घर पर हमला करने वालों पर FIR दर्ज

आशुतोष नायक
0

झांसी न्यूज़ | झांसी शहर के सूजे खां खिड़की मोहल्ले में रविवार दोपहर भाजपा नेता नरेंद्र कुशवाहा के घर पर हमला हुआ। नकाबपोश बदमाशों ने पहले पथराव किया और फिर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस को मौके से करीब 30 खोखे मिले हैं। घटना के दौरान भाजपा नेता घर पर नहीं थे, लेकिन उनकी पत्नी और एक साल की बेटी अंदर मौजूद थीं। पत्नी ने कमरे में खुद को बंद कर किसी तरह जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।




आपसी विवाद के बाद हुआ हमला

पुलिस के मुताबिक, सुबह भाजपा नेता नरेंद्र कुशवाहा और पंकज नाम के युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद पंकज वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ हथियार लेकर लौटा। बदमाशों ने गाली-गलौज की, पथराव किया और फिर कई राउंड फायरिंग कर दी।

घर में घुसे बिना फायरिंग कर भागे हमलावर

हमले के दौरान घर का मुख्य दरवाजा बंद था, जिससे बदमाश अंदर नहीं घुस सके। नरेंद्र की पत्नी अनीता कुशवाहा ने बताया कि वह बेटी को सुला रही थीं, तभी 40-50 लोग आए, जिनमें कुछ महिलाएं भी थीं। सभी ने चेहरे ढंके हुए थे। बदमाशों ने घर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की और उनके पति को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बाइक तोड़कर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। पुलिस को उनके भागने का सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।

हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज

सीओ सिटी स्नेहा तिवारी ने बताया कि इस मामले में पंकज कुशवाहा, अत्तर सिंह कुशवाहा, सनी कुशवाहा, कुलदीप कुशवाहा, मन्नू कुशवाहा और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।


ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें


(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top