नाबालिग से दुष्कर्म मामले में भाजपा नेता गिरफ्तार, एसपी ऑफिस से निकलते ही पुलिस ने पकड़ा

आशुतोष नायक
1

टीकमगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता और होटल संचालक संजू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। यादव केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार के पूर्व सांसद प्रतिनिधि रह चुके हैं और उनके होटल ‘कन्हा पैलेस’ में ही यह घटना हुई थी।

एसपी ऑफिस में पहुंचे, बाहर निकलते ही गिरफ्तार

सोमवार को संजू यादव एसपी कार्यालय पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही वे बाहर निकले, कोतवाली पुलिस ने तुरंत उन्हें हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। इससे पहले पुलिस इस मामले में दो अन्य आरोपियों—मुख्य आरोपी रोहित साहू और उसके साथी विशाल—को गिरफ्तार कर चुकी थी।

मार्च 2024 में हुई थी वारदात, परिजनों के दबाव के बाद दर्ज हुई FIR 

पीड़िता के मुताबिक, रोहित साहू ने मार्च 2024 में होटल में उसे अपनी हवस का शिकार बनाया और विशाल ने इसका वीडियो बना लिया। इसके बाद दोनों ने लड़की को डराकर करीब 10 लाख रुपये ऐंठ लिए। लड़की चुप रही, लेकिन जब घर से गहने और नकदी गायब होने लगे, तो परिजनों ने पूछताछ की।

परिजनों को जब सच्चाई पता चली, तो वे कोतवाली पहुंचे, लेकिन पुलिस ने दो दिन तक मामला दर्ज नहीं किया। बाद में जब समाज के लोग और पीड़िता के परिवारजन एसपी कार्यालय पहुंचे, तब जाकर एफआईआर दर्ज हुई।

होटल संचालक पर कार्रवाई क्यों नहीं? आज अचानक दबोचा गया भाजपा नेता

इस घटना के बाद भी होटल संचालक संजू यादव पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। लेकिन सोमवार को जब वे एसपी कार्यालय पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। सवाल यह भी उठ रहा है कि पुलिस ने अब तक होटल मालिक को क्यों नहीं गिरफ्तार किया था?

कौन है संजू यादव? कांग्रेस छोड़ भाजपा में आया, टोल फ्री नंबर से बना सदस्य

संजू यादव पहले कांग्रेस में था, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गया। पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष अमित नुना के मुताबिक, पार्टी ने एक टोल फ्री नंबर जारी किया था, जिससे संजू यादव ने भाजपा की सदस्यता ली थी।

वीरेंद्र कुमार ने बनाया था सांसद प्रतिनिधि, बाद में सूची रद्द कर दी गई

लोकसभा चुनाव के बाद केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने संजू यादव को सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया था। हालांकि, एक हफ्ते बाद ही वीरेंद्र कुमार ने सभी प्रतिनिधियों की नियुक्ति रद्द कर दी थी। अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।


(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com 

Tags

एक टिप्पणी भेजें

1 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
To Top