ललितपुर न्यूज़। समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन के घर पर हुए हमले के विरोध में ललितपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह यादव ने किया।
शनिवार को सपा कार्यकर्ता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर पार्क पर एकत्र हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए तुवन चौराहे, कचहरी चौराहे से कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा।
इस प्रदर्शन में प्रदेश सचिव ज्योति सिंह लोधी और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन घायल भी शामिल हुए। सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में दलितों पर हमले बढ़े हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उनका कहना था कि जब एक सांसद का घर भी सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा का सवाल ही नहीं उठता।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर समाज में विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि लोकतंत्र में ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। सपा कार्यकर्ताओं ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष हृदेश मुखिया, राम मूर्ति तिवारी, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत समेत कई कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com