चित्रकूट न्यूज़ | चित्रकूट जिले की राजापुर तहसील के सरधुआ गांव के मजरा गरीबदास का पुरवा में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में छह किसानों की खलिहान में रखी सरसों की पूरी फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद किसानों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।
रातभर धधकती रही आग, तेज हवा ने बढ़ाई मुश्किलें
ग्रामीणों के अनुसार, आग रात 2 से 3 बजे के बीच लगी। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरा खलिहान जल गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक सरसों की पूरी फसल राख में तब्दील हो चुकी थी। प्रभावित किसानों में अमरनाथ उर्फ मुन्नीलाल, जुग्गन, सुमेर, राजाराम, अशोक और दुर्गा प्रसाद शामिल हैं।
किसानों को भारी नुकसान, कारण अब भी अज्ञात
भारतीय किसान यूनियन के जिला महामंत्री अरुण कुमार पांडेय के मुताबिक, सभी किसानों की कटी हुई सरसों खलिहान में रखी थी, जो पूरी तरह से जल गई। किसान अमरनाथ ने बताया कि जब सुबह खेत पहुंचे तो वहां सिर्फ राख ही बची थी। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
प्रशासन ने शुरू की मुआवजे की प्रक्रिया
घटना की जानकारी मिलते ही ब्लॉक अध्यक्ष जसवंत सिंह चौहान ने प्रशासन को सूचित किया। इसके बाद राजस्व अधिकारी जगरूप मौके पर पहुंचे और नुकसान का आंकलन किया। प्रशासन ने नियमानुसार प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
👉 ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com