झांसी न्यूज़ | झांसी जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र के करगुवां गांव में एक किशोर की बेतवा नदी में डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद उसका शव नदी में मिला। परिजनों ने इस मौत को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जताई है।

नदी में नहाने गए पांच दोस्त, अकेला नहीं लौटा
मृतक मौसम राजपूत (17) पुत्र सुषमाकांत राजपूत गुरुवार दोपहर अपने चार दोस्तों के साथ रामनगर घाट पर नहाने गया था। दोस्त नहाने के बाद घर लौट आए, लेकिन मौसम घर नहीं पहुंचा। परिजनों को जब उसकी जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
शाम तक कोई पता नहीं चलने पर परिवार वालों ने उसके दोस्तों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि मौसम को नदी किनारे छोड़कर वे घर चले गए थे। इसके बाद परिजन बेतवा नदी के किनारे पहुंचे और खोजबीन की। कुछ देर की तलाश के बाद पानी के अंदर मौसम का शव मिला।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने दावा किया कि जिस स्थान पर मौसम और उसके दोस्त नहा रहे थे, वहां शव नहीं मिला। बल्कि नदी की उल्टी धारा में करीब 50 मीटर दूर उसका शव बरामद हुआ। इससे परिजनों को संदेह है कि यह सिर्फ डूबने की घटना नहीं, बल्कि किसी साजिश का हिस्सा हो सकता है।
मौसम के फूफा माधुरीशरण राजपूत ने कहा कि अगर वह डूबा होता तो शव वहीं मिलता, जहां वह नहा रहा था। उल्टी धार में इतनी दूरी पर शव मिलना संदेह पैदा करता है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पढ़ाई छोड़कर करता था मैकेनिक का काम
मौसम ने कुछ समय पहले पढ़ाई छोड़ दी थी और मैकेनिक का काम करने लगा था। वह परिवार का बड़ा बेटा था और उसका छोटा भाई मयंक अभी पढ़ाई कर रहा है। पिता ट्रक चालक हैं और अधिकतर बाहर ही रहते हैं।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
परिजनों के बयान के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।
👉 ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com