ललितपुर: जिले में एक प्रसूता की मौत के बाद सोमवार को शहर में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुआ। विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने दोषी चिकित्सकों पर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज के बाहर भ्रष्टाचार का पुतला जलाकर अपना आक्रोश जाहिर किया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ लोहिया वाहिनी का प्रदर्शन
लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सचिव ज्योति सिंह लोधी और जिलाध्यक्ष परवेज पठान के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले भ्रष्टाचार का पुतला जलाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने दूसरा पुतला लाकर सड़क पर फूंक दिया।
समाजवादी पार्टी ने कलेक्ट्रेट में दिया धरना
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। उन्होंने मृतक महिला के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और दोषी चिकित्सकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
पंचरत्न विश्वकर्मा समाज ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
पंचरत्न विश्वकर्मा समाज के जिलाध्यक्ष विजय ड्योडिया के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो प्रदर्शन जारी रहेगा।
बजरंग सेना और आजाद समाज पार्टी ने भी किया विरोध प्रदर्शन
बजरंग सेना के जिलाध्यक्ष डॉ. दीपक पस्तोर और आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष मोतीलाल गौतम के नेतृत्व में भी अलग-अलग प्रदर्शन हुए। इस दौरान भीम आर्मी सहित कई संगठनों के कार्यकर्ता भी सड़कों पर उतरे और दोषी चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।
परिजनों को न्याय दिलाने की उठी मांग
विरोध प्रदर्शन में शामिल संगठनों ने एक स्वर में कहा कि लापरवाह चिकित्सकों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि मृतक प्रसूता मालती सोनी के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा दिया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com