झांसी न्यूज़। झांसी में भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष सुबोध गुबरेले के घर में दिनदहाड़े चोरी हो गई। बदमाश करीब 20 लाख रुपए के गहने और नकद ले उड़े। चोरी के वक्त घर पर ताला लगा था, क्योंकि नेता अपनी पत्नी को मीटिंग में छोड़ने गए थे और बेटी कोचिंग गई थी।
जाल काटकर घुसे चोर, अलमारी तोड़ी
चोरों ने छत पर लगे लोहे के जाल को काटकर घर में प्रवेश किया। अंदर घुसकर अलमारियां तोड़कर 15 लाख के गहने और 5 लाख कैश समेट लिया। लेकिन इसी दौरान भाजपा नेता और उनकी पत्नी घर लौट आए।
रंगे हाथ पकड़े जाने पर छत से कूदकर भागे बदमाश
घर में किसी की आहट सुनकर पत्नी ने दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। सुबोध ने आवाज लगाई तो एक युवक छत पर नजर आया, जो तुरंत छज्जे से कूदकर बाउंड्री फांदकर भाग गया। रास्ते में उसके हाथ से कुछ गहने गिर गए, जो बाद में सड़क पर मिले।
सीसीटीवी में दिखा एक बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज में एक बदमाश दिख रहा है। पुलिस ने तीन टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि चोरों को घर की पूरी जानकारी थी।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com