झांसी: जिले के समथर थाना क्षेत्र में खेत पर गया एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। करीब 30 घंटे बाद ग्रामीणों ने नहर (बंबा) में उसकी लाश देखी, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों को सूचना दी गई, तो घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
खेत जाने के बाद नहीं लौटा, तलाश के बाद मिली लाश
मृतक की पहचान अवध किशोर (28) पुत्र विजयसिंह पाल के रूप में हुई। वह समथर थाना क्षेत्र के बुढ़ेरी खुर्द गांव का निवासी था और खेती-किसानी करता था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह खेत के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आया। जब काफी देर हो गई, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खेत, आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां पता करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार शाम करीब 4 बजे कुछ ग्रामीण खेतों से आवारा पशुओं को भगाने के लिए निकले थे। तभी उन्हें नहर में एक शव तैरता नजर आया। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा और तुरंत परिजनों को खबर दी। जब शव बाहर निकाला गया, तो वह अवध किशोर का निकला।
मिर्गी की बीमारी बनी मौत की वजह?
परिजनों के मुताबिक, अवध किशोर को मिर्गी की बीमारी थी। नहर में करीब तीन फीट पानी था। परिजनों का मानना है कि संभवतः खेत जाते समय मिर्गी का दौरा पड़ने से वह नहर में गिर गया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अवध किशोर के अचानक निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे 6 साल की बेटी और 3 साल के बेटे को छोड़ गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com