'मंहगाई का विरोध' मऊरानीपुर में सपा नेता डॉ. रघुवीर चौधरी के नेतृत्व में विशाल प्रदर्शन

रोहित राजवैद्य
0

झांसी मऊरानीपुर। समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रघुवीर चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश की ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर एक बड़ा जनआंदोलनात्मक कदम उठाया गया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों, महिलाओं, युवाओं, बेरोजगारों, पिछड़े वर्गों एवं आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर को सौंपा।


डॉ. रघुवीर चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ती बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं। सरकार को इन मुद्दों पर तत्काल प्रभाव से ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।


ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश का किसान आज भी खाद, बीज और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। किसानों को उनकी फसलों का उचित समर्थन मूल्य नहीं मिल पा रहा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। वहीं दूसरी ओर बेरोजगारी के कारण युवा वर्ग भविष्य को लेकर असमंजस और निराशा की स्थिति में है।


संगठन ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि अपराध की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग की गई।


ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि समाज के कमजोर और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।


इस अवसर पर डॉ. रघुवीर चौधरी ने कहा कि,

"हमारा उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि जनता की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। यदि आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो समाजवादी कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर-शहर जाकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन चलाने के लिए बाध्य होंगे।


ज्ञापन के माध्यम से सरकार से किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने, महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने, बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने तथा प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की गई।


इस दौरान वीर सिंह यादव, कर्णवीर सिंह भदौरिया, रामाधार यादव, मलखान सिंह चौधरी, राकेश नवादा, यदुवीर यादव, लल्लू राम यादव, इंद्रभान प्रजापति, हबीब खान, नईम खान, महेंद्र, नंदलाल, प्रदीप, दिनेश कुशवाहा, अरविंद कुमार, हरि प्रकाश यादव, अरविंद यादव, सोनू यादव, निहाल यादव, निखिल नापित, नरेंद्र कुमार, राममिलन यादव, संतोष यादव, रामसेवक अहिरवार, पप्पू अहिरवार, हर्ष बगरौनी, चंद्रपाल यादव, महेंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


"डॉ. रघुवीर चौधरी बोले— जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से होगा व्यापक जनआंदोलन।"


(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट)Bundelivarta.com 

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top