झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के भास्कर इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज्म (बीआईएमसीजे) ने मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रतिष्ठित इंडिया टुडे-एमडीआरए बेस्ट कॉलेजेस रैंकिंग 2026 में पहली बार शामिल हुए संस्थान ने स्नातक मास कम्यूनिकेशन एवं जर्नलिज्म श्रेणी में देशभर में 42वां स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही बीआईएमसीजे ने राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष 50 मीडिया संस्थानों में अपनी जगह बनाई है।
इस उपलब्धि के बाद संस्थान का नाम देश के प्रतिष्ठित मीडिया शिक्षण संस्थानों, जैसे आईआईएमसी नई दिल्ली, सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय और मनिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ कम्यूनिकेशन (एमएएचई) की श्रेणी में शामिल हो गया है। साथ ही संस्थान ने उत्तर प्रदेश के शीर्ष पांच मीडिया संस्थानों में स्थान प्राप्त कर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह रैंकिंग विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और उत्कृष्टता का प्रमाण है।
विभागाध्यक्ष डॉ. कौशल त्रिपाठी ने इस सफलता का श्रेय संस्थान की पूरी टीम के समर्पण और निरंतर प्रयासों को दिया। उन्होंने संस्थान के सहायक प्रोफेसर डॉ. जय सिंह यादव, टीचिंग असिस्टेंट डॉ. राघवेंद्र दीक्षित, उमेश कुमार शुक्ला, डॉ. अभिषेक कुमार तथा शोधार्थियों देवेंद्र और अतीत विजय के योगदान की सराहना करते हुए सभी को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com




