बुंदेलखंड में शनिवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ले ली। झांसी, जालौन, निवाड़ी, दतिया और ललितपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई और जनजीवन प्रभावित हुआ।
इसी बीच ललितपुर जिले के तालबेहट कोतवाली क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। ग्राम कडेसराबांसी में देर रात आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सीताराम (पुत्र भुजबल) और भूपेंद्र सिंह (पुत्र मलखान सिंह) खेत पर भूसा भरने का काम कर रहे थे। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों इसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि सीताराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भूपेंद्र सिंह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस घटना से गांव में शोक की लहर है। अचानक हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने की बात कही जा रही है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भी तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



