नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, 15 दिन पहले ही दिया था बेटी को जन्म

पलक श्रीवास
0


झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है । महिला का शव बाथरूम के अंदर हैंगर से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। मृतका ने महज 15 दिन पहले ही एक बेटी को जन्म दिया था।



मृतका की पहचान मोनिका (24) के रूप में हुई है, युवती की शादी 9 जून 2025 को हंसारी निवासी संदीप सेन से हुई थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है।


शादी के बाद से ही प्रताड़ना का आरोप


मृतका के भाई अमन सेन के अनुसार, शादी में करीब 10 लाख रुपए खर्च किए गए थे, जिसमें 4.5 लाख नकद और अन्य घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार बुलेट बाइक, चेन और अन्य कीमती सामान की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर मोनिका के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी।


 बेटी के जन्म के बाद बढ़ा दबाव 


परिजनों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले मोनिका ने ऑपरेशन के जरिए एक बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद ‘पच’ (प्रसव के बाद मायके से आने वाली रस्म) के दौरान भी ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी, जिससे वह परेशान थी।


घटना से एक दिन पहले हुई थी बात


भाई ने बताया कि घटना से एक दिन पहले मोनिका से फोन पर बातचीत हुई थी और वह सामान्य लग रही थी। अगले दिन पति संदीप का फोन आया कि मोनिका ने फांसी लगा ली है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। जब तक परिजन झांसी पहुंचे  तब तक मोनिका की मौत हो चुकी थी  |

मृतका की सास गायत्री ने बताया कि मोनिका नहाने के लिए बाथरूम गई थी। काफी देर तक बाहर न आने पर उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर देखा तो वह दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थी। तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


पुलिस की कार्रवाई


घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच कर आगे की कार्रवाई शुरू की 


 स्थिति स्पष्ट नहीं


फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


( रिपोर्टर पलक श्रीवास ) Bundelivarta.com

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top