तालबेहट (ललितपुर): तालबेहट पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक महिला को भारी मात्रा में गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से करीब 10 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कस्बे में एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दी। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान महिला का एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस द्वारा किया जा रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तार महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
( रिपोर्टर मुकेश रजक ) Bundelivarta.com


