महोबा: 200 से ज्यादा लोगों से ठगी, सुरक्षित निवेश का झांसा देकर हडपी रकम

पलक श्रीवास
0

 महोबा जिले के पनवाड़ी थाना क्षेत्र में ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां डाकघर आरडी और एलआईसी बीमा पॉलिसियों के नाम पर सैकड़ों लोगों से लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। 




आरोप है कि तिवारीपुरा निवासी अरविंद गुप्ता उर्फ शेरू नाम का एजेंट करीब 200 छोटे दुकानदारों और ग्रामीणों से रोजाना किस्तें जमा कराता था, लेकिन परिपक्वता अवधि आने से पहले ही वह रकम लेकर फरार हो गया।


पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी लोगों को सुरक्षित निवेश का भरोसा दिलाकर उनसे नियमित रूप से पैसे लेता रहा। चाय बेचकर गुजारा करने वाले विकलांग हरिशंकर जैसे कई गरीब लोग भी रोजाना 300 रुपये तक जमा कर रहे थे, ताकि भविष्य सुरक्षित हो सके। लेकिन अब उनकी सारी जमा-पूंजी डूबती नजर आ रही है।


अशोक कुमार अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने करीब 2 लाख 15 हजार रुपये की आरडी और लगभग 2 लाख रुपये की बीमा पॉलिसी में निवेश किया था, जो कभी जमा ही नहीं हुई। मोहम्मद रईस समेत कई अन्य पीड़ितों ने भी इसी तरह की ठगी की बात कही है।


मामले की शिकायत लेकर जब पीड़ित पनवाड़ी थाने पहुंचे, तो उन्हें न्याय मिलने की बजाय कथित तौर पर अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ा। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें डांटकर भगा दिया। वहीं, आरोपी के पिता पर भी पीड़ितों को धमकाने और फर्जी मुकदमों में फंसाने की चेतावनी देने का आरोप है।


निराश पीड़ितों ने अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। करीब 20 लोगों ने सामूहिक रूप से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए।


( रिपोर्टर पलक श्रीवास ) Bundelivarta.com

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top