जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत झांसी चुंगी इलाके में शराब पीने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन कर रहे युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीच सड़क पर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में लाठी-डंडों और सरियों का इस्तेमाल किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झांसी चुंगी क्षेत्र में आरोपी युवक खुलेआम शराब पी रहा था। इसी दौरान पड़ोसी युवक ने उसे शराब पीने से मना किया, जिससे वह आक्रोशित हो गया। कुछ ही देर में आरोपी ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया और फिर सभी ने मिलकर युवक पर हमला कर दिया। राहगीरों ने पीड़ित को बचाने का प्रयास किया, लेकिन दबंगों ने मारपीट जारी रखी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं, मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
( रिपोर्टर पलक श्रीवास ) Bundelivarta.com



