झांसी न्यूज़। झांसी जिले के एरच थाना अंतर्गत ग्राम रियाँ से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। गांव की एक महिला ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसकी 15 वर्षीय नातिन के साथ गांव के दो युवकों ने रास्ता रोककर छेड़छाड़ की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
महिला के अनुसार यह घटना 30 जून की शाम करीब 5 बजे की है। पीड़िता खेत से अकेले घर लौट रही थी। रास्ते में नाले के पास गांव के ही जयपाल और किशुन पाल नामक युवक पहले से घात लगाए खड़े थे। जैसे ही किशोरी वहां पहुंची, दोनों ने उसे पकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लगे।
किशोरी ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और तुरंत वहां से भाग निकले। डरी-सहमी किशोरी घर पहुंची और अपनी नानी को पूरी घटना बताई। इसके बाद महिला उसे लेकर एरच थाने पहुंची और दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जयपाल और किशुन पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
इस घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com