जालौन न्यूज़ | जालौन जनपद की दिव्यांग खिलाड़ी स्वाति सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। लखनऊ स्थित डॉ. शकुंतला मिश्रा नेशनल रिहैबिलिटेशन यूनिवर्सिटी की छात्रा स्वाति ने युगांडा की राजधानी कंपाला में आयोजित "युगांडा इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025" में अद्भुत प्रदर्शन करते हुए कुल तीन पदक अपने नाम किए।
स्वाति सिंह ने महिला सिंगल्स एस-5 वर्ग में रजत पदक, महिला डबल्स एसयू-5 वर्ग में स्वर्ण पदक, और मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 50 से अधिक देशों के दिव्यांग खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें स्वाति सिंह की सफलता को एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
स्वाति के दमदार खेल और अटूट आत्मविश्वास ने यह सिद्ध कर दिया है कि कठिनाइयां किसी की तरक्की की राह नहीं रोक सकतीं। उनकी इस ऐतिहासिक जीत से जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रशासन, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और समाजसेवी सभी ने स्वाति सिंह को बधाइयों से नवाजा।
उनकी सफलता से न सिर्फ उनका परिवार, बल्कि पूरा जालौन गौरवान्वित हुआ है। स्वाति सिंह की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगी। उन्होंने साबित कर दिया कि यदि हौसले बुलंद हों, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं।
👉 ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें
(राजकुमार दोहरे की रिपोर्ट) Bundelivarta.com