निवाड़ी : जामनी नदी में डूबने से युवक की मौत, दोस्तों संग गया था नहाने

रोहित राजवैद्य
0

निवाड़ी न्यूज़ | सोमवार शाम ओरछा तहसील में स्थित जामनी नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शहजाद कुरैशी के रूप में हुई है, जो राजस्थान के नागौद का निवासी था। वह ओरछा के प्रतापपुर क्षेत्र में स्थित फ्लाई एक्स फैक्ट्री में काम करता था।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को शहजाद अपने छह दोस्तों के साथ जामनी नदी पर घूमने और नहाने गया था। इनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। सभी लोग नदी में मस्ती कर रहे थे, इसी दौरान शहजाद गहराई की ओर चला गया और अचानक डूबने लगा। उसके दोस्तों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में समा गया।


घटना की जानकारी मिलते ही दोस्तों ने तत्काल ओरछा थाना पुलिस को सूचना दी। शाम होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू नहीं हो सका। अंधेरा और तेज बहाव के चलते तलाश में कठिनाई आई।


मंगलवार सुबह होते ही पुलिस टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब कुछ घंटों की मेहनत के बाद शहजाद का शव बरामद कर लिया गया।


ओरछा थाना प्रभारी रामबाबू शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


इस दुखद हादसे से शहजाद के साथी कर्मचारी और उसके दोस्त गहरे सदमे में हैं। फैक्ट्री परिसर में भी शोक का माहौल बना हुआ है।


स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि जामनी नदी जैसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जाए और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं टाली जा सकें।


👉  ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें


(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com 

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top