झांसी न्यूज़ | झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में महिला की जान चली गई। यह घटना सिमरा गांव के पास उस वक्त हुई जब एक महिला घर के बाहर खड़ी थी और अचानक तेज रफ्तार में बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की हेडलाइट बंद थी और रफ्तार काफी तेज बताई जा रही है। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक मृतका राममूर्ति (45) पत्नी बलबीर सिंह यादव, सिमरा गांव की निवासी थी। मंगलवार शाम को वह अपने घर के सामने खड़ी थी तभी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में बिना हेडलाइट के वहां से गुजरी और राममूर्ति को कुचलते हुए निकल गई। शोर सुनकर परिवार वाले बाहर आए और घायल राममूर्ति को तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ट्रैक्टर का चालक वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर अंबावाय गांव के एक पूर्व ग्राम प्रधान का है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
राममूर्ति की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। उनके पति बलबीर सिंह खेतीबाड़ी करते हैं। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। गांव में इस हादसे के बाद मातम का माहौल है और लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
👉 ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com