ललितपुर: 47 क्रय केंद्रों पर होगी गेहूं खरीद, किसानों को अतिरिक्त सुविधाओं का लाभ

पलक श्रीवास
0


ललितपुर। जनपद में गेहूं खरीद को सुगम बनाने और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों, बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों, क्रय केंद्र प्रभारियों और किसान संगठनों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।





बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी 47 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद सुनिश्चित की जाए और अधिक से अधिक किसानों की उपज खरीदी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी केंद्र से खरीद न होने की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, एक सप्ताह तक खरीद न करने या शून्य प्रगति वाले एफपीओ केंद्रों को बंद कर दिया जाएगा।


जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित है। अब किसानों को समर्थन मूल्य के साथ-साथ उपज की उतराई, छनाई और सफाई के लिए दिए जाने वाले 20 रुपये श्रम शुल्क का भुगतान भी सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा।





उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रबी विपणन वर्ष 2025-26 में गेहूं बेच चुके किसान वर्ष 2026-27 के लिए स्वतः सत्यापित माने जाएंगे। अन्य किसानों के सत्यापन के लिए संबंधित अधिकारी आवश्यक दस्तावेजों जैसे खतौनी, खसरा, आधार कार्ड आदि का सत्यापन कर खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे।


अतिवृष्टि से हुई फसल क्षति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बीमा कंपनियों को निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों के क्लेम का शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को उनकी बीमा पॉलिसी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, अन्यथा प्रीमियम वापसी की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।




इसके अलावा, उप निदेशक कृषि और जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया गया कि फसल क्षति का सर्वे तेजी से पूरा कर किसानों को समय पर बीमा क्लेम दिलाया जाए। विभागीय कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए पटलों के परिवर्तन के भी निर्देश दिए गए।


बैठक में अपर जिलाधिकारी (खरीद) अंकुर श्रीवास्तव, अपर उप जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र विक्रम सहित संबंधित अधिकारी, बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि, क्रय केंद्र प्रभारी और किसान संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


( रिपोर्टर नितिन गिरि ) Bundelivarta.com


Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top