झांसी न्यूज़। झांसी के रक्सा थाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक राजमिस्त्री ने पारिवारिक टूटन से परेशान होकर 150 फीट गहरी खदान में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। सोमवार को तीन दिन की तलाश के बाद उसका शव पानी में तैरता मिला।
![]() |
मृतक का शव पानी में तैरता हुआ |
![]() |
मृतक रामगोपाल और उसकी पत्नी |
रामगोपाल प्रजापति (55), जो नंदनपुरा की गली नंबर-7 में रहते थे, मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार को पालते थे। उनकी शादी करीब 25 साल पहले निशा नाम की महिला से हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। लेकिन कुछ महीने पहले निशा बच्चों और करीब तीन लाख रुपये के साथ अचानक लापता हो गई।
परिवार वालों ने जब पता किया तो सामने आया कि निशा का पिछले एक साल से एक युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। वो उसी के साथ झांसी में रह रही थी। बताया जा रहा है कि उसी युवक के कहने पर उसने गांव का मकान बिकवा दिया और पैसे लेकर फरार हो गई।
रामगोपाल ने जब पत्नी को समझाने की कोशिश की तो उसने दो टूक जवाब दे दिया कि वह अपने प्रेमी से कोर्ट मैरिज कर चुकी है और अब उसी के साथ रहेगी। बच्चों को भी अपने साथ रखने की बात कही। इस बात ने रामगोपाल को अंदर से तोड़कर रख दिया।
19 अप्रैल को वह अपनी बहन क्रांति के डेली गांव स्थित घर पहुंचे। उस समय बहन और बहनोई काम पर गए थे। घर पर सिर्फ उनकी 14 साल की भांजी पूजा थी। रामगोपाल ने उससे पानी मांगा और भावुक होकर कहा— “सबका ख्याल रखना, अब मैं नहीं लौटूंगा।”
पूजा ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वह चुपचाप वहां से निकल गए। रात करीब 8 बजे गांव में बनी 150 फीट गहरी खदान में कूदकर उन्होंने जान दे दी। कुछ ग्रामीणों ने उन्हें छलांग लगाते देखा भी, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
तीन दिनों तक परिवार और पुलिस ने शव की तलाश की, लेकिन खदान में 60 से 70 फीट पानी होने के कारण गोताखोर नीचे तक नहीं पहुंच सके। सोमवार को शव पानी में ऊपर आ गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रक्सा थाना प्रभारी प्रमेन्द्र सिंह ने बताया कि रामगोपाल अपनी पत्नी के व्यवहार और धोखे से बेहद आहत थे। इसी वजह से उन्होंने ये आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल तहरीर का इंतजार है, तहरीर मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com