झांसी न्यूज़। उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में एक बार फिर बड़ा फेरबदल हुआ है। योगी सरकार ने सोमवार देर रात 33 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए, जिसमें 11 जिलों के डीएम भी बदले गए हैं। झांसी को इस बदलाव में नया जिलाधिकारी मिल गया है। महोबा के डीएम रहे आईएएस मृदुल चौधरी अब झांसी की कमान संभालेंगे।
वहीं झांसी में करीब डेढ़ साल तक जिलाधिकारी रहे अविनाश कुमार को गाजीपुर का डीएम नियुक्त किया गया है। अविनाश कुमार का कार्यकाल झांसी में शांतिपूर्ण और विकासात्मक रहा, लेकिन अब शासन ने उन्हें पूर्वांचल की जिम्मेदारी सौंपी है।
दिल्ली के मृदुल चौधरी का बुंदेलखंड से पुराना नाता
झांसी के नए जिलाधिकारी मृदुल चौधरी मूल रूप से नई दिल्ली के रहने वाले हैं। उन्होंने एमबीए की पढ़ाई की और फिर साल 2014 में सिविल सेवा परीक्षा पास कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए। प्रशासनिक जीवन की शुरुआत उन्होंने मुजफ्फरनगर में सहायक कलेक्टर के रूप में की थी।
बुंदेलखंड से उनका खास रिश्ता रहा है। पहले महोबा में संयुक्त मजिस्ट्रेट रहे और 2 सितंबर 2023 को उन्हें पहली बार डीएम की जिम्मेदारी दी गई थी। तब से वे महोबा जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत थे। झांसी तबादले से पहले वह महोबा में कई विकास योजनाओं की निगरानी कर रहे थे।
प्रशासनिक अनुभव से लबरेज हैं मृदुल चौधरी
मृदुल चौधरी की कार्यशैली को लेकर शासन में सकारात्मक राय रही है। मुरादाबाद में मुख्य विकास अधिकारी, मेरठ विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष और ग्रेटर शारदा सहायक समादेश विकास प्राधिकरण में परियोजना प्रशासक जैसे अहम पदों पर उन्होंने काम किया है।
अब झांसी जैसे ऐतिहासिक और संवेदनशील जिले की कमान उन्हें सौंपी गई है। उम्मीद की जा रही है कि वे अपने अनुभव और सक्रिय प्रशासनिक रवैये के साथ झांसी में नई योजनाओं को गति देंगे और जनहित में बेहतर फैसले लेंगे।
झांसी में होंगे बड़े फैसले?
नए डीएम के आने के बाद झांसी में प्रशासनिक रफ्तार में बदलाव देखने को मिल सकता है। बुंदेलखंड के विकास के लिए झांसी एक अहम केंद्र है और मृदुल चौधरी की नियुक्ति को इसी दिशा में एक कदम माना जा रहा है।
अब देखना होगा कि महोबा में अपनी छाप छोड़ चुके चौधरी झांसी में किन प्राथमिकताओं के साथ काम शुरू करते हैं। लोगों को उम्मीद है कि विकास, पारदर्शिता और कानून व्यवस्था को लेकर नए जिलाधिकारी कुछ नए आयाम तय करेंगे।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com