टीकमगढ़ न्यूज़ | टीकमगढ़ में कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने विधानसभा में दो बड़े अपराधों—नाबालिग से दुष्कर्म और अफीम की अवैध खेती—का मुद्दा उठाकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
होटल में नाबालिग से दुष्कर्म, भाजपा नेता गिरफ्तार
विधायक बुंदेला ने सदन में कहा कि भाजपा नेता और पूर्व सांसद प्रतिनिधि संजू यादव के होटल में नाबालिग से रेप की वारदात हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजू यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लेकिन विधायक ने सवाल उठाया कि इस मामले में भाजपा की चुप्पी क्यों बनी हुई है?
सांसद प्रतिनिधि पर भी गंभीर आरोप, पर गिरफ्तारी नहीं
एक अन्य मामले में भाजपा सांसद प्रतिनिधि आशीष तिवारी पर भी नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई। विधायक ने इसे भाजपा सरकार की दोहरी नीति करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
जतारा में अफीम की अवैध खेती, नेता का ड्राइवर संदेह के घेरे में
टीकमगढ़ जिले के जतारा विधानसभा क्षेत्र के दो गांवों में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया है। पुलिस ने खेत के बटाईदार को आरोपी बनाया है, लेकिन विधायक का दावा है कि यह खेती भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष किशन पटेरिया के ड्राइवर के संरक्षण में हो रही थी।
विधायक बोले—कानून सबके लिए बराबर हो
विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन मामलों में चुप्पी साधे हुए है और अपने नेताओं को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने नाबालिग से दुष्कर्म और अफीम की अवैध खेती जैसे संगीन अपराधों की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com