होली के बाद फांसी से लटकी मिली महिला, परिजनों ने जताया हत्या का शक

आशुतोष नायक
0

झांसी न्यूज़ | झांसी में होली की खुशियां खत्म होते ही एक परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। बड़ागांव थाना क्षेत्र के लिधौरा गांव में 25 वर्षीय महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मायके वालों के आने से पहले ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, जिससे गुस्साए परिजनों ने मोर्चरी पर पहुंचकर हंगामा किया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की हत्या कर फंदे से लटकाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


ससुराल में खुश नहीं थी चंद्रकांता

मृतका की पहचान चंद्रकांता उर्फ रासा (25) पत्नी राघवेंद्र राजपूत के रूप में हुई है। उसका मायका शिवपुरी जिले के बमेरा गांव में है। पिता रामप्रकाश का कहना है कि बेटी की शादी पांच साल पहले हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष दहेज को लेकर ताने देने लगा। उन्हें शादी में दिया गया सामान पसंद नहीं आया और नए कूलर तक की मांग की गई, जिसे मजबूरी में पूरा किया।

मारपीट और प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही चंद्रकांता को प्रताड़ित किया जाता था। वह अपने पति के साथ अलग रहना चाहती थी, लेकिन ससुराल पक्ष इसके लिए तैयार नहीं था। कुछ महीने पहले जब मारपीट हद से बढ़ गई, तो चंद्रकांता अपने मामा के घर चली गई थी। बाद में समझौता होने पर उसे फिर ससुराल भेजा गया, लेकिन प्रताड़ना कम नहीं हुई।

बात भी नहीं करने दिया जाता था

मां कलावती का कहना है कि उनकी बेटी को ससुराल वाले फोन तक इस्तेमाल नहीं करने देते थे। दो दिन पहले जब उसने फोन किया, तो बात के दौरान ही उसके पति ने फोन छीन लिया और काट दिया। सुबह 10 बजे अचानक जेठ का फोन आया कि चंद्रकांता ने फांसी लगा ली है।

साजिशन हत्या का आरोप

मायके पक्ष का कहना है कि चंद्रकांता आत्महत्या नहीं कर सकती। उसे पहले पीटा गया और फिर फंदे पर लटका दिया गया। परिजनों ने न्याय की मांग की है और कहा है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


तीन महीने पहले बेटे को दिया था जन्म

चंद्रकांता की जिंदगी पहले ही कई दुख झेल चुकी थी। उसकी दो बेटियां थीं, जिनमें से बड़ी बेटी की सात महीने पहले मौत हो गई थी। तीन महीने पहले उसने एक बेटे को जन्म दिया था।

पुलिस कर रही जांच

बड़ागांव थाना प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी। अभी तक मायके पक्ष ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।


ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें


(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top