जालौन न्यूज़ | झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे-27 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एट टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में अयोध्या निवासी 55 वर्षीय गायत्री देवी की मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे और बहू घायल हो गए।
उज्जैन दर्शन के लिए निकला था परिवार
गायत्री देवी अपने परिवार के साथ उज्जैन महाकालेश्वर के दर्शन के लिए निकली थीं। उनके साथ 29 वर्षीय बेटा दुर्गेश तिवारी, बहू अंतिम उपाध्याय और 28 वर्षीय बेटा सचिन तिवारी भी सफर कर रहे थे। परिवार बुधवार को अयोध्या के खड़ महेपुर गांव से निकला था। लखनऊ में भोजन करने के बाद वे आगे बढ़े।
तेज रफ्तार कार देख बिगड़ा संतुलन
रात करीब 2 बजे सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को देखकर चालक दुर्गेश का संतुलन बिगड़ गया। कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में सभी लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा। डॉक्टरों ने गायत्री देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य का इलाज जारी है। एट थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com