दतिया: गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप

आशुतोष नायक
0

दतिया न्यूज़ | दतिया जिले के तेडोत गांव में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। यह घटना बुधवार शाम गोदन थाना क्षेत्र में घटी। महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल भांडेर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतका के परिजनों ने उसके पति पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।


मृतका की पहचान और पारिवारिक विवाद

मृतका की पहचान 23 वर्षीय प्रियंका दोहरे के रूप में हुई है। करीब तीन साल पहले प्रियंका की शादी तेडोत गांव के निवासी विनोद दोहरे से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि विनोद ने एक साल पहले दमोह की एक विवाहित महिला से दूसरी शादी कर ली थी, जो जबरन उनके साथ रह रही थी। इस वजह से प्रियंका और विनोद के बीच अक्सर विवाद होता था।

अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में हुई मौत

बुधवार को प्रियंका की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल उसे भांडेर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अरविंद भदौरिया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम तहसीलदार और डॉक्टरों के एक पैनल के माध्यम से कराया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लग सकेगा।

परिजनों के आरोपों पर पुलिस ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। यदि जांच में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com 

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top