झांसी न्यूज़। झांसी के गरौठा थाना क्षेत्र के पसौरा गांव में एक महिला की जमीन और मकान को लेकर जबरन कब्जा करने का मामला सामने आया है। पीड़िता सीमा देवी का आरोप है कि उनके ही परिवार के कुछ लोग संपत्ति हड़पने की साजिश कर रहे हैं और मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
मां ने किया था बैनामा, अब परिजन कर रहे कब्जा
सीमा देवी के अनुसार, उनकी मां स्व. रामसिया ने 12 जुलाई 2022 को अपनी पुश्तैनी जमीन और मकान (बखरी) का रजिस्टर्ड बैनामा उनके नाम कर दिया था। तभी से वह वहां रह रही थीं, लेकिन परिजन इस पर कब्जा करने की फिराक में थे।
परिजनों ने जबरन बेच दी आधी बखरी!
पीड़िता ने बताया कि जब वह अपनी ससुराल मकारा (निवाड़ी, मप्र) में थीं, तब उनके चाचा के बेटे बलवान यादव ने उनकी आधी बखरी गांव की ही रामा यादव को बेच दी। अगस्त 2022 में जब वह वापस लौटीं, तो देखा कि मकान में दीवार खड़ी कर दी गई थी और रामा वहां काबिज हो चुकी थी। जब उन्होंने विरोध किया तो उन्हें धमकाया गया और बदसलूकी की गई।
रात में हुई चोरी, पुलिस पर गंभीर आरोप
27 मार्च 2025 की रात को आरोपियों ने उनके मकान के पीछे के दरवाजे से घुसकर दो ट्रॉली मूंगफली और घर का कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि इस वारदात को अंजाम देने वालों में बलवान, आनंद यादव, रजवीर और रेखा शामिल थे। इतना ही नहीं, आनंद यादव जो वर्तमान में फिरोजाबाद थाने में दरोगा के पद पर तैनात है, उसने गरौठा थाने में पहुंचकर पुलिस को प्रभावित किया, जिससे कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग
सीमा देवी ने एसएसपी झांसी से गुहार लगाई है कि उनकी शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, उनकी आधी बखरी से अवैध कब्जा हटाया जाए और चोरी किया गया सामान वापस दिलाया जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है या फिर पीड़िता को न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ेगा।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com