दतिया न्यूज़। दतिया के बड़ौनी कस्बे में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। चौबे के बाग के पास करीब साढ़े 9 बजे रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में 20 वर्षीय अभिषेक प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे 40 वर्षीय मायाराम कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए।
खरीदारी के लिए निकले थे, घर नहीं लौटे
मृतक अभिषेक कुरथरा गांव में किराने की दुकान चलाते थे। वे रविवार को मायाराम कुशवाहा के साथ बड़ौनी से दुकान का सामान खरीदने निकले थे। लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अभिषेक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मायाराम घायल हो गए।
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। वहीं, घायल मायाराम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव में पसरा मातम
अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसर गया। परिजन और रिश्तेदार गमगीन हैं। वहीं, स्थानीय लोग हादसे के बाद तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की मांग कर रहे हैं।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com