विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, मायके पक्ष ने जताया हत्या का शक

आशुतोष नायक
0

झांसी न्यूज़ | समथर थाना क्षेत्र के मगरौरा गांव में मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के आंगन में टूटी हुई चूड़ियां बिखरी पड़ी थीं और शव पर चोटों के निशान नजर आ रहे थे। मायके वालों ने जब वहां पहुंचकर देखा तो महिला का शव कमरे के फर्श पर पड़ा मिला। हालांकि, कुछ लोगों ने फांसी लगाने की बात भी कही है।


भाई ने कहा- भाई दूज पर बहन ने सुनाई थी दुखभरी कहानी

मृतका की पहचान 40 वर्षीय प्रेम कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान ने पुलिस और महिला के मायके पक्ष को जानकारी दी। जब तक मायके वाले पहुंचे, तब तक ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हो चुके थे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया।

मृतका के भाई राजकिशोर रायकवार ने बताया कि जब वे अपनी बहन के घर पहुंचे, तो वहां ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। घर के अंदर जाने पर बहन का शव कमरे के फर्श पर पड़ा मिला। आंगन में टूटी चूड़ियां और शरीर पर चोटों के निशान यह संकेत दे रहे थे कि मौत से पहले उसके साथ मारपीट हुई थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने बहन के गले में कोई फंदा नहीं देखा।

फुफेरे भाई रविंद्र ने बताया कि भाई दूज के दिन बहन अपने पति के साथ उसके घर आई थी। उस दौरान उसने अपनी परेशानियों को रोते हुए साझा किया था। मृतका ने बताया था कि उसका पति रमाकांत शराब का आदी हो चुका है और आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। नशे में धुत होकर वह अक्सर पैसों की मांग करता था।

ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

मायके वालों का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर भाग गए। परिवार के कुछ लोग मेले में गए हुए थे, जबकि मृतका का ससुर शराब के ठेके पर बैठा हुआ था।

मृतका की चार बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। उसका पति बाहर पानीपुरी का व्यवसाय करता है, लेकिन काम अच्छा नहीं चल रहा था। ससुराल में शराब की लत और आर्थिक तंगी ने उसकी जिंदगी को मुश्किल बना दिया था। इस घटना से मायके पक्ष गहरे सदमे में है और उन्होंने न्याय की मांग की है।


👉  ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें


(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top