नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पर आरोप

आशुतोष नायक
0

सागर न्यूज़ | सागर के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम अंचलपुर में 19 मार्च को नवविवाहिता अनुष्का (23) की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



मृतका के मामा ने जताई हत्या की आशंका

अनुष्का के मामा वकील सिंह ने बताया कि घटना के वक्त वे गांव में ही थे। जब एक महिला ने आग लगने की बात कही, तो वे दौड़कर कुछ ही सेकंड में अनुष्का के घर पहुंचे। वहां बाहर से ताला लगा था, और उसके ससुर पास में खड़े थे। जब ताला खोलने को कहा, तो कहासुनी हुई। बाद में जब दरवाजा खोला गया, तो अंदर अनुष्का मृत अवस्था में पड़ी थी। मामा ने आरोप लगाया कि भांजी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे मारकर जलाया गया है।



मां और पिता ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप

मृतका की मां ने बताया कि उनकी बेटी का ससुराल पक्ष चार पहिया वाहन की मांग कर रहा था। कुछ समय पहले उसने फोन पर बताया था कि उसे जेठानी ने मारा-पीटा और ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे हैं। घटना के दिन सुबह 6 बजे अनुष्का का आखिरी फोन आया था, जिसमें उसने मां से जल्द आने को कहा था।

मृतका के पिता बृजेंद्र सिंह दीवान ने बताया कि उन्होंने हाल ही में एक पिकअप वाहन खरीदा था, जिसके बाद से ही अनुष्का के ससुराल वाले भी कार की मांग करने लगे थे। जब तक वे आर्थिक स्थिति ठीक होने का इंतजार कर रहे थे, तब तक बेटी की जान ले ली गई।

ससुराल पक्ष ने दी अलग कहानी

मृतका के ससुर रामचरण सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि घटना के समय घर के अन्य सदस्य खेत गए हुए थे। घर में सिर्फ अनुष्का थी। अचानक उसने चीखना शुरू किया, तो वे दौड़कर उसके कमरे की ओर गए। दरवाजा अंदर से बंद था। बगल के कमरे की अलमारी हटाकर जब वे अंदर पहुंचे, तो अनुष्का आग की लपटों में घिरी थी। उन्होंने कंबल डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह तड़प चुकी थी।

मौके से मिला डीजल का केन

पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच के दौरान वहां से 5 लीटर डीजल से भरी एक केन बरामद की, जिसमें से कुछ डीजल का उपयोग किया गया था। घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण जलना

पुलिस ने डॉक्टरों की एक पैनल से पोस्टमार्टम करवाया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में बताया गया कि मौत आग में झुलसने से हुई है। हालांकि, विस्तृत रिपोर्ट के लिए बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।

परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

मृतका के बड़े पापा रामराज सिंह ने बताया कि आग लगने के बावजूद अनुष्का की चूड़ियां नहीं टूटीं और उसके सिर के पास रखा सोफा भी सुरक्षित रहा, जिससे उन्हें संदेह है कि उसे पहले मारा गया और फिर जलाने का प्रयास किया गया। परिजनों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर जांच तेज कर दी है।  


👉  ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें


(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com                            

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top