महोबा न्यूज़। महोबा के खरेला थाना क्षेत्र में सड़क हादसे ने दो परिवारों को गमगीन कर दिया। पेट्रोल भरवाकर लौट रहे चचेरे भाइयों की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा: खेत में गिरे, बच न सके
टिकरी गांव के रहने वाले 30 वर्षीय कामता कुशवाहा और 40 वर्षीय ब्रजेन्द्र कुशवाहा पेट्रोल पंप से लौट रहे थे। टिकरी-पहरेथा नहर मार्ग पर अचानक उनकी बाइक को किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों उछलकर सड़क किनारे खेत में जा गिरे।
इलाज के लिए भागदौड़, लेकिन नहीं बची जान
राहगीरों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही कामता ने दम तोड़ दिया। ब्रजेन्द्र को ग्वालियर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस तलाश में जुटी
इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के CCTV कैमरों की मदद से वाहन की पहचान की जा रही है।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com