हमीरपुर SP का थाना चिकासी का औचक निरीक्षण, अभिलेखों से लेकर महिला सुरक्षा तक दिया जोर

पलक श्रीवास
0


हमीरपुर: जनपद हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक द्वारा शुक्रवार को थाना चिकासी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।



निरीक्षण की शुरुआत थाना कार्यालय से की गई, जहां अभिलेखों और रजिस्टरों की गहन जांच की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने लॉकअप, अपराध रजिस्टर, महिला हेल्पडेस्क, साइबर हेल्पडेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचना कक्ष, ई-मालखाना और मैस का निरीक्षण किया। साथ ही थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का भी सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया।


निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अभिलेखों को समय-समय पर अद्यतन रखने की आवश्यकता है, जिस पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी रिकॉर्ड समय से अपडेट किए जाएं। इसके अलावा थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।




पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम पर जोर देते हुए कहा कि महिला हेल्पडेस्क और साइबर हेल्पडेस्क को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन, खासकर महिलाओं और छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के प्रति जागरूक किया जाए, साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी जाए।


इसके अलावा थाना प्रभारी चिकासी सहित सभी पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए कि थाने पर आने वाले फरियादियों और आम जनता के साथ शालीन, विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।


औचक निरीक्षण के माध्यम से पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ पुलिसिंग में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी जाए, ताकि आमजन का भरोसा पुलिस पर और मजबूत हो सके।


( रिपोर्टर संदीप द्विवेदी ) Bundelivarta.com

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top