नए वित्तीय वर्ष के साथ हाईवे पर सफर करने वालों के लिए अहम बदलाव लागू होने जा रहे हैं। 1 अप्रैल से टोल टैक्स की दरों में वृद्धि की जाएगी, वहीं नकद भुगतान की सुविधा पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी। अब टोल प्लाजा पर केवल डिजिटल माध्यमों से ही शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा।
31 मार्च की आधी रात से नई दरें लागू
झांसी-कानपुर और झांसी-ललितपुर हाईवे पर 31 मार्च की रात 12 बजे के बाद संशोधित दरें प्रभावी हो जाएंगी। इसके तहत अलग-अलग श्रेणियों के वाहनों के लिए शुल्क बढ़ाया गया है।
सेमरी टोल पर बढ़ी दरें
सेमरी टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन के एकल यात्रा शुल्क को 125 से बढ़ाकर 130 रुपये कर दिया गया है, जबकि वापसी यात्रा 195 रुपये होगी। मासिक पास की दर 4290 रुपये तय की गई है। हल्के व्यावसायिक वाहनों, बसों और ट्रकों के शुल्क में भी वृद्धि की गई है।
बबीना टोल पर भी संशोधन
बबीना टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन के लिए एकल यात्रा 125 रुपये और रिटर्न 190 रुपये तय किया गया है। अन्य श्रेणियों के वाहनों के लिए भी शुल्क बढ़ाया गया है, जिसमें मासिक पास की दरें शामिल हैं।
कैश भुगतान पूरी तरह बंद
नई व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा पर नकद लेन-देन पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। अब वाहन चालकों को फास्टैग या यूपीआई जैसे डिजिटल माध्यमों से ही भुगतान करना होगा।
( रिपोर्टर पलक श्रीवास ) Bundelivarta.com


