ललितपुर में रेलवे प्रशासन ने बिना टिकट यात्रा करने वालों पर सख्ती दिखाते हुए शनिवार सुबह स्टेशन पर विशेष मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 60 यात्री बिना वैध टिकट या नियमों का उल्लंघन करते पाए गए।
जांच अभियान मजिस्ट्रेट अरुण क्रांति और सहायक वाणिज्य प्रबंधक अनिल श्रीवास्तव की निगरानी में संचालित किया गया। पकड़े गए यात्रियों से मौके पर ही जुर्माना वसूला गया और रसीद जारी की गई।
कार्रवाई के तहत कुल 52,390 रुपये का दंड वसूला गया, जिसमें 35,850 रुपये न्यायालय जुर्माने के रूप में और 16,540 रुपये किराए के रूप में शामिल हैं। अधिकांश मामलों में यात्रियों ने तत्काल भुगतान कर मामला निपटा लिया।
रेलवे के झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग नियमों का पालन करते हुए वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें, अन्यथा आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
( रिपोर्टर पलक श्रीवास ) Bundelivarta.com


