निवाड़ी न्यूज़। निवाड़ी पुलिस ने रंगपंचमी पर हुए महेंद्र कुशवाह की हत्या का खुलासा कर दिया है। एसपी राय सिंह नरवरिया ने बताया कि यह हत्या डीजे साउंड सिस्टम को लेकर हुए विवाद के चलते हुई थी। पुलिस ने 48 घंटे में वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले से थी रंजिश, डीजे देने से किया था इनकार
पुलिस जांच में सामने आया कि महेंद्र कुशवाह का सतेंद्र यादव और निक्की अहिरवार से पहले से विवाद चल रहा था। होली के दौरान जब सतेंद्र ने महेंद्र से डीजे सिस्टम मांगा, तो उसने देने से मना कर दिया। इस बात से नाराज होकर आरोपियों ने उसे मारने की साजिश रची।
शराब पार्टी के बहाने बुलाकर उतारा मौत के घाट19 मार्च की रात करीब 8 बजे आरोपियों ने महेंद्र को शराब पार्टी का झांसा देकर बुलाया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, सतेंद्र ने कट्टा निकालकर उसके गले पर रख दिया और गोली चला दी। महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने जंगल से पकड़ा, हथियार और बाइक बरामद
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की। मुखबिर और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस ने 48 घंटे के भीतर व्याटा के जंगल से सतेंद्र यादव (36) और निक्की अहिरवार (33) को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 315 बोर का कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और काले रंग की पल्सर बाइक बरामद हुई।
दोनों आरोपी निवाड़ी के वार्ड नंबर 4 के रहने वाले हैं और पुलिस अब इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com