छतरपुर न्यूज़। छतरपुर के बागेश्वर धाम में शनिवार सुबह आरती के दौरान एक महिला की साड़ी में आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
भीड़ में अचानक लगी आग
बिहार के भागलपुर से आईं 40 वर्षीय संगीता साह आरती के दौरान दीपक जला रही थीं। भीड़ के बीच अचानक उनकी साड़ी ने आग पकड़ ली। आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने तुरंत कपड़ों और पानी की मदद से आग बुझाई।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
झुलसी महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें बर्न वार्ड में भर्ती किया गया है। उनका इलाज जारी है। उनके भांजे अनिल कुमार साह ने बताया कि वे परिवार के साथ दर्शन करने आए थे और सुबह की आरती में शामिल हुए थे।
दर्शन के लिए आई थी पूरी फैमिली
संगीता अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ शुक्रवार को बागेश्वर धाम पहुंची थीं। हादसे को लेकर उन्होंने बताया कि भीड़ ज्यादा होने से उन्हें पता नहीं चला कि आग कैसे लगी। जलन महसूस होते ही वे चीखने लगीं, जिसके बाद लोगों ने उन्हें बचाया।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com