झांसी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। साले की सगाई में पहुंचे एक व्यक्ति ने समारोह के दौरान पत्नी के डीजे पर डांस करने से नाराज होकर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच जमकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद व्यक्ति ने घर के बाहर पेड़ से लटककर जान दे दी। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सगाई में जाने से किया इनकार, फिर खुद ही ले गया
राजा वंशकार, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर का रहने वाला था, कुछ समय से अपने परिवार के साथ झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के तालपुरा इलाके में रह रहा था। इसी मोहल्ले में उसकी पत्नी का मायका भी था। राजा प्राइवेट जॉब करता था और परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य थी।
शनिवार को राजा की पत्नी के भाई विपिन की सगाई थी। पहले राजा ने सगाई में जाने से साफ इनकार कर दिया, लेकिन बाद में खुद ही पत्नी और बच्चों को लेकर समारोह में पहुंच गया। वहां किसी बात को लेकर राजा और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
डीजे पर डांस बना विवाद की वजह
सगाई के दौरान राजा की पत्नी डीजे पर डांस कर रही थी, जो राजा को पसंद नहीं आया। उसने पत्नी को डांस करने से रोका, लेकिन वह नहीं मानी। इस बात को लेकर दोनों में बहस हो गई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई।
राजा के परिजनों का आरोप है कि जब राजा ने विरोध किया तो ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह काफी आहत हुआ। गुस्से में वह घर चला गया और देर रात आत्महत्या कर ली।
सुबह घर के बाहर पेड़ से लटका मिला शव
रविवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने राजा का शव घर के बाहर पेड़ से लटका देखा तो हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजा के परिवार का आरोप, हत्या की जताई आशंका
राजा की मौत के बाद उसके ग्वालियर में रहने वाले परिजन भी झांसी पहुंच गए। उनका कहना है कि राजा मानसिक रूप से कमजोर नहीं था और न ही आत्महत्या जैसा कदम उठाने वाला इंसान था। वे इस मौत को आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या करार दे रहे हैं। उनका कहना है कि समारोह में झगड़े के बाद राजा के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी जान चली गई।
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com