शादी के दिन डॉक्टर दुल्हन प्रेमिका संग हुई फरार, परिवार ने फैलाई हार्ट अटैक की अफवाह

आशुतोष नायक
0
मुजफ्फरनगर में शादी के दिन दुल्हन ब्यूटी पार्लर में तैयार होने गई और फिर अपनी महिला मित्र के साथ फरार हो गई। जब वह रात 9 बजे तक नहीं लौटी, तो परिवार ने दावा किया कि दुल्हन की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।

किसी ने इस सूचना को पुलिस तक पहुंचा दिया। पुलिस ने जब परिवार से पूछताछ की, तो उनके बयान बार-बार बदलते रहे। शव दिखाने की बात पर भी परिजन टालमटोल करने लगे। इस पर पुलिस को शक हुआ और उन्होंने ब्यूटी पार्लर का सीसीटीवी खंगाला।

सीसीटीवी फुटेज में डॉक्टर दुल्हन अपनी महिला मित्र के साथ बाहर जाती नजर आई। इसके बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर दोनों को मध्यप्रदेश के ग्वालियर से हिरासत में ले लिया। अब दोनों से पूछताछ की जा रही है।

पहले से था भागने का प्लान

सूत्रों के मुताबिक, झांसी की रहने वाली डॉक्टर सुषमा का अपनी महिला मित्र से प्रेम संबंध था। परिवार को इसकी जानकारी होने के बावजूद उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया और उसकी शादी तय कर दी। शादी से बचने के लिए उसने पहले ही भागने का प्लान बना लिया था।

शादी के चार दिन पहले दुल्हन मुजफ्फरनगर पहुंची थी और उसकी महिला मित्र भी पीछे-पीछे वहां आ गई। दोनों ने होटल में रुकने की व्यवस्था कर रखी थी। शादी वाले दिन सुषमा ब्यूटी पार्लर से ही महिला मित्र के साथ फरार हो गई।
पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने बुधवार सुबह दोनों को ग्वालियर से पकड़कर मुजफ्फरनगर लाया। अब उनसे पूछताछ की जा रही है और कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, परिवार के लोग इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

सोशल मीडिया पर अलग अंदाज

दुल्हन की महिला मित्र सरकारी विभाग में कार्यरत एक लेखपाल की बेटी है। वह फेसबुक पर लड़कों की तरह पोस्ट और रील डालती थी। दोनों के संबंध पहले से थे, लेकिन उन्होंने इसे छिपाकर रखा था।

(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com 
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top