झांसी न्यूज़ | मंगलवार सुबह झांसी के मऊरानीपुर तहसील के ग्राम खनुवा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव में रहने वाली करीब 75 वर्षीय वृद्धा श्रीमती लाड़ली पत्नी स्वर्गीय बालादीन पटेल की उसी गांव के एक व्यक्ति ने फरसे से हमला कर हत्या कर दी।
घटना सुबह करीब 9 बजे की है। वृद्धा अपने घर के सामने बैठी थीं, तभी गांव का ही निवासी नाथूराम राजपूत (पुत्र शिवनारायण लोधी, उम्र लगभग 46 वर्ष) वहां पहुँचा और फरसे से ताबड़तोड़ वार कर दिए। वृद्धा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी नशे की हालत में था। वह पहले भी कई बार नशे की हालत में ग्रामीणों पर हमले कर चुका है। कुछ समय पहले वह जेल भी जा चुका है। घटना के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन प्रथम दृष्टया यह मानसिक असंतुलन और नशे की स्थिति में किया गया कृत्य प्रतीत होता है।
घटना की जानकारी मिलते ही लहचूरा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुँची और निरीक्षण किया। आरोपी को गांव से ही पकड़ लिया गया और थाने लाया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव में फिलहाल शांति बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
👉 ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com