झांसी-कानपुर हाईवे पर सपा नेता के काफिले पर हमला

आशुतोष नायक
0


झांसी न्यूज़ | झांसी-कानपुर हाईवे पर समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और पीडीए के प्रदेश सचिव महेश कश्यप के काफिले पर बदमाशों ने हमला कर दिया। स्कॉर्पियो कार पर पत्थर फेंककर उसका शीशा तोड़ दिया गया। हालांकि, उस वक्त महेश कश्यप दूसरी गाड़ी में थे, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।



सपा नेता ने जताई साजिश की आशंका
महेश कश्यप ने बताया कि वह उरई से अपनी स्कॉर्पियो कार में निकले थे, लेकिन मोठ के पास किसी साथी से बात करने के लिए दूसरी गाड़ी में बैठ गए। कुछ ही देर बाद स्कॉर्पियो पर हमला हुआ। उन्होंने इसे सुनियोजित साजिश बताया और कहा कि यह हमला उन्हें नुकसान पहुंचाने के मकसद से किया गया था।



हमलावर घात लगाकर बैठे थे
कश्यप का कहना है कि उनकी जनसंवाद यात्रा से विपक्षी दल परेशान हैं और इसी वजह से उन पर हमला किया गया। उन्होंने दावा किया कि हमलावर पहले से वहां मौजूद थे और अंधेरे में पत्थर फेंककर फरार हो गए। यह हमला उन्हें मारने या लूटने के इरादे से किया गया हो सकता है।

हाईवे पर बढ़ती घटनाएं चिंताजनक
महेश कश्यप ने हाईवे पर लगातार हो रही घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर यह हमला लूट के इरादे से किया गया था तो मामला और गंभीर हो जाता है। हाईवे पर तेज रफ्तार में चलने वाले वाहनों पर इस तरह हमले जानलेवा साबित हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

व्यापारी की कार पर भी हमला
उसी रात सेमरी टोल प्लाजा के पास झांसी के एक व्यापारी की गाड़ी पर भी बदमाशों ने पत्थर फेंके। व्यापारी उरई से झांसी लौट रहे थे। जिस जगह सपा नेता की कार पर हमला हुआ, उसी जगह यह दूसरी वारदात भी हुई।

पुलिस ने शुरू की जांच
झांसी-कानपुर हाईवे पर एक ही रात में दो घटनाओं से वाहन चालकों में दहशत फैल गई है। चिरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसी राम पांडेय ने बताया कि मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


👉  ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें


(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top