झांसी न्यूज़ | समाजवादी पार्टी के बबीना विधानसभा प्रभारी और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने झांसी जिले के दौरे के दौरान भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने प्रेस वार्ता के माध्यम से वर्तमान सरकार की विफलताओं को उजागर किया और बताया कि किस तरह बुंदेलखंड की जनता बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और जिला उपाध्यक्ष राजकुमार राजपूत ने समाजवादी पार्टी का दामन थामकर राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी।
गांव-गांव पहुंचकर किया जनसंपर्क
धर्मेंद्र यादव ने बताया कि वह पार्टी के निर्देश पर गांव-गांव जाकर कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठकें कर रहे हैं, ताकि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि पार्टी बूथ स्तर तक अपने ढांचे को मजबूत कर रही है, ताकि 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का सपना साकार किया जा सके।
सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता, भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान धर्मेंद्र यादव ने कहा कि झांसी समेत बुंदेलखंड क्षेत्र में भाजपा की विकास योजनाएं केवल कागजों पर सीमित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि—
-
24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा झूठा साबित हो रहा है।
-
गांवों में बिजली रोस्टर के अनुसार नहीं आ रही।
-
सिंचाई के लिए नहरें पूरी तरह सूखी पड़ी हैं।
-
जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन तो बिछाई गई, लेकिन पानी नहीं पहुंचा।
-
गांवों में सड़कों को खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे आमजन को परेशानियां हो रही हैं।
किसानों से हो रहा अन्याय
धर्मेंद्र यादव ने किसानों की हालत को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने बताया कि—
-
मूंगफली खरीद में किसानों से भेदभाव किया गया।
-
सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों की जगह व्यापारियों की मूंगफली खरीदी गई।
-
जिन किसानों से खरीदी गई, उनसे ₹2000 प्रति घोष की वसूली की गई।
-
पुनर्वास की भूमि पर खेती कर रहे किसानों को अब तक मालिकाना हक नहीं मिला।
-
लगभग 1200 हेक्टेयर जमीन पर वर्षों से किसान खेती कर रहे हैं, फिर भी उन्हें मुआवजा नहीं मिला।
भ्रष्टाचार और अपराध पर भी उठाए सवाल
धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार की "जीरो टॉलरेंस" नीति को फर्जी बताते हुए कहा—
“भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। विरोध की हर आवाज को कुचला जा रहा है। लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। नफरत और असहिष्णुता को खुली छूट मिली हुई है। भ्रष्टाचार चरम पर है। खनन अब उद्योग नहीं, लूट का धंधा बन गया है। भूमाफिया गरीबों की जमीनों पर बेधड़क कब्जा कर रहे हैं।
सपा सरकार के कार्यकाल की गिनाई उपलब्धियां
उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान बुंदेलखंड में बड़े विकास कार्य हुए, जिनमें शामिल हैं—
-
सैनिक स्कूल का निर्माण
-
सीपरी फ्लाईओवर
-
100 एकड़ में विशिष्ट भोजला मंडी
-
अमृत पेयजल योजना के तहत माताटीला डैम से तीसरी पाइपलाइन की योजना
-
जीआईसी स्कूल का निर्माण
उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने जितने भी चुनावी वादे किए थे, उनमें से एक भी पूरा नहीं किया। हर गांव में स्टेडियम बनाने की बात की गई थी, लेकिन आज तक एक भी स्टेडियम नहीं बना।
भाजपा से इस्तीफा देकर सपा में शामिल हुए राजकुमार राजपूत
इस प्रेस वार्ता में सबसे बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम तब हुआ जब भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राजकुमार राजपूत ने मंच पर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। धर्मेंद्र यादव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और इसे भाजपा की नीतियों से नाराजगी का संकेत बताया।
सपा की विचारधारा और मिशन 2027
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास करती है और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 27 जनवरी 2025 से पूरे प्रदेश में "पीडीए पंचायत" अभियान चल रहा है। इसका उद्देश्य है—
पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों को संगठित कर 2027 में समाजवादी सरकार बनाना और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना।
इन प्रमुख नेताओं की रही उपस्थिति
इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें शामिल हैं—
बृजेन्द्र सिंह भोजला (जिलाध्यक्ष), महेश कश्यप, तनवीर आलम, सुदेश पटेल, संत सिंह सेरसा, मिर्जा करामत बेग, पूर्व मंत्री अजय सूद, सीताराम कुशवाहा, पूर्व विधायक सतीश जतारीया, नीरज अग्रवाल, सलीम खानजादा, रोहित सिंह परीक्षा, आरिफ खान, राधे लाल बौद्ध, डॉ. रघुवीर चौधरी, डॉ. वीरेंद्र यादव और भगवत राजपूत।
👉 ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com