झांसी न्यूज़ | ईरान और इजराइल के बीच लगातार जारी हमलों के बीच झांसी का एक युवक भी ईरान के कोम शहर में फंसा हुआ है। धार्मिक शिक्षा ग्रहण करने के लिए करीब 9 साल पहले ईरान गए लकी असकरी इस समय वहीं पर हैं। झांसी के पुलिस लाइन क्षेत्र की गहरैया लाइन निवासी लकी की मां नसीमा बेगम बेटे की सलामती को लेकर बुरी तरह घबरा गई हैं। धमाकों की खबर सुनते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और शुगर लेवल काफी बढ़ गया।
लकी असकरी कोम शहर में आलिम की पढ़ाई कर रहे हैं। यह शहर ईरान की राजधानी तेहरान से लगभग 180 किलोमीटर दूर है और शिया मुस्लिमों के लिए एक प्रमुख धार्मिक केंद्र माना जाता है। हाल ही में इजराइल द्वारा किए जा रहे हवाई हमलों में कोम भी निशाने पर रहा है, जिससे क्षेत्र में रह रहे विदेशी छात्रों में भय का माहौल है।
लकी के परिजनों के मुताबिक, वह आखिरी बार वर्ष 2019 में भारत आए थे। उनकी पत्नी और तीन बच्चे अभी डेढ़ महीने पहले कौशांबी स्थित मायके चले गए थे। लगातार मिल रही युद्ध की खबरों के कारण परिवार के अन्य सदस्य भी मानसिक रूप से परेशान हैं।
शनिवार को लकी ने अपनी मां से संपर्क किया और बताया कि वह एक सुरक्षित स्थान पर हैं और उनके साथ अन्य भारतीय भी मौजूद हैं। हालांकि, ईरान में इंटरनेट सेवाएं बाधित होने के कारण परिवार को बार-बार संपर्क में परेशानी हो रही है।
लकी के चचेरे भाई नासिर बताते हैं कि पूरा परिवार लगातार दुआ कर रहा है कि लकी सही-सलामत घर लौट आए। नसीमा बेगम की आंखों में आंसू हैं, लेकिन वह बेटे की हिम्मत के सहारे खुद को संभाले हुए हैं।
👉 ताजा ख़बरों के लिए व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ें
(रोहित राजवैद्य की रिपोर्ट) Bundelivarta.com